जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस का केंद्र सरकार के बजट पर तीखा हमला
खैरागढ़,छत्तीसगढ़ को देश की अर्थव्यवस्था का अहम स्तंभ बताते हुए गुलशन तिवारी, जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार के बजट को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के दावों के बावजूद छत्तीसगढ़ को विकास के नाम पर कुछ भी नहीं मिला, बल्कि राज्य का लगातार शोषण किया जा रहा है।
गुलशन तिवारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश को कोयला, बिजली, लौह अयस्क, स्टील, सीमेंट और धान उपलब्ध कराता है। इसके बावजूद केंद्रीय बजट में राज्य के लिए कोई विशेष पैकेज, कोई नई औद्योगिक योजना और खनन प्रभावित क्षेत्रों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर संसाधन छत्तीसगढ़ के हैं, तो विकास का लाभ राज्य को क्यों नहीं मिल रहा।
आदिवासी बहुल इलाकों, किसानों और श्रमिकों के लिए बजट में किसी तरह की स्पष्ट योजना का अभाव सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ को केवल संसाधनों का स्रोत समझना गलत है।
जब तक संसाधन देने वाले राज्यों को सम्मान और उनका अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक विकसित भारत 2047 का सपना अधूरा ही रहेगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता अब जागरूक है और इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी।
समय आने पर जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।




