खैरागढ़।कांग्रेस संगठन में लंबे समय से चल रही खींचतान और चर्चाओं के बीच आखिरकार केसीजी जिले में ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पार्टी को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से यह अहम फैसला लिया है। नियुक्तियों की घोषणा के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
जारी आदेश के अनुसार खैरागढ़ शहर कांग्रेस कमेटी की कमान डॉ. अरुण भारतद्वाज को सौंपी गई है। वहीं खैरागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) का अध्यक्ष संदीप सिरमौर को बनाया गया है। इसके अलावा छुईखदान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामकुमार पटेल,गंडई ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शत्रुघ्न चंदेल तथा मुढ़ीपार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तेजराम वर्मा को नियुक्त किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी का मानना है कि इन नियुक्तियों से संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिलेगी और पार्टी की गतिविधियां गांव से लेकर शहर तक और अधिक सक्रिय होंगी। नव-नियुक्त पदाधिकारियों को संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्तियों के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभी नव-नियुक्त अध्यक्षों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। पार्टीजनों का कहना है कि नए नेतृत्व के साथ कांग्रेस संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी तथा क्षेत्र में पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी।




