**राजनांदगांव।** थाना डोंगरगांव क्षेत्र अंतर्गत सूने मकान में हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने चोरी गया **100 प्रतिशत मशरूका बरामद** कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी **सूर्यदेव मरावी**, निवासी विवेकानंद कॉलोनी मटिया, डोंगरगांव ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4:45 बजे के बीच उनके घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर आलमारी व लॉकर का ताला तोड़ते हुए सोने के हार, मंगलसूत्र, टॉप्स, अंगूठी व लॉकेट सहित कीमती जेवरात चोरी कर लिए। रिपोर्ट पर थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 06/2026 धारा 305(ए), 331(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक **सुश्री अंकिता शर्मा**, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक **मुकेश ठाकुर** एवं एसडीओपी डोंगरगांव **दिलीप सिसोदिया** के निर्देशन में थाना प्रभारी **निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर** के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया, डॉग स्क्वाड की मदद ली, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने **पूर्णानंद सोनकर** और **रेश्मा मरकाम** को गिरफ्तार किया, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार की। उनके कब्जे से चोरी के सभी जेवरात के साथ औजार भी जब्त किए गए।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।




