खैरागढ़ जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। **दिनांक 26 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे** थाना ठेलकाडीह पुलिस को सूचना मिली कि **हरडुवा जलाशय के निकासी गेट के पास पानी में एक अज्ञात महिला का शव तैर रहा है**। सूचना मिलते ही ठेलकाडीह पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां सूचना सही पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए **पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव के मार्गदर्शन में जिला केसीजी पुलिस टीम** द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। आसपास के ग्रामीणों से शव की पहचान को लेकर पूछताछ की जा रही थी, इसी दौरान पानी में कुछ दूरी पर एक **कैरी बैग** मिला, जिसमें मृतिका का **आधार कार्ड, चप्पल एवं अस्पताल के उपचार संबंधी दस्तावेज** पाए गए।
दस्तावेजों के आधार पर मृतिका की पहचान **रूपा साहू (21 वर्ष)**, पिता **देवनाथ साहू**, निवासी **रामनगर मुक्तिधाम, सुपेला, भिलाई (थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग)** के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होने पर **देहाती नालसी अपराध क्रमांक 12/2026, धारा 103(1), 238 बीएनएस** के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
शव का पंचनामा कर **सीएचसी घुमका** से पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टर द्वारा **हार्ड एवं ब्लंट ऑब्जेक्ट से सिर पर कई गंभीर चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव से मृत्यु** होना बताया गया।
परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि मृतिका का प्रेम संबंध **आनंद वर्मा**, निवासी हरडुवा से था, जो शादी से इनकार कर रहा था। आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह मृतिका से पीछा छुड़ाना चाहता था, इसलिए उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर घटनास्थल ले गया और **पत्थर से सिर पर वार कर हत्या** कर दी। शव को छुपाने के लिए **गमछे से बांधकर बड़े पत्थर के साथ पानी में फेंक दिया**।
आरोपी की निशानदेही पर **हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून लगे कपड़े एवं मोटरसाइकिल** जब्त की गई है। आरोपी को **27 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा**।
इस संपूर्ण कार्रवाई में **एसडीओपी खैरागढ़, साइबर सेल एवं थाना ठेलकाडीह पुलिस टीम** का विशेष योगदान रहा। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव द्वारा विवेचना में शामिल टीम को **उचित पुरस्कार देने की घोषणा** की गई है।




