खैरागढ़, ठेलकाडीह मंडल के सक्रिय युवा कार्यकर्ता और संगठन में लंबे समय से समर्पित भाव से कार्य कर रहे शशांक साहू (बंटी) को भारतीय जनता युवा मोर्चा में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश संगठन द्वारा उन्हें प्रदेश युवा मोर्चा आईटी सह-प्रमुख का दायित्व सौंपा गया है। नियुक्ति की खबर मिलते ही क्षेत्र के युवाओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
शशांक साहू वर्तमान में भाजपा युवा मोर्चा जिला केसीजी में जिला मंत्री हैं। इसके साथ ही वे छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ दुर्ग संभाग में संगठन सचिव (आईटी) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सिंगारपुर मंडल में संयोजक प्रमुख के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
संगठनात्मक दक्षता के चलते उन्होंने भाजपा सदस्यता अभियान में 100 से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के डोंगरगढ़ आगमन पर ठेलकाडीह क्षेत्र में 40 से अधिक सामाजिक व युवा कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई। इससे पहले वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर स्वच्छता अभियान के तहत राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सक्रिय योगदान दिया।
लगभग 13–14 वर्षों से भाजपा के सक्रिय सदस्य के रूप में कार्यरत शशांक साहू का सामाजिक क्षेत्र में भी मजबूत योगदान रहा है। वे 15 वर्ष की उम्र से समाज सेवा से जुड़े हुए हैं और युवाओं को भाजपा की नीति-रीति से जोड़ने का कार्य लगातार करते रहे हैं। कोरोना काल में दवाइयों, मास्क और सेनेटाइजर वितरण के साथ जनसेवा में भी उन्होंने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
प्रदेश युवा मोर्चा आईटी सह-प्रमुख बनने पर संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शशांक साहू को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि वे नई जिम्मेदारी में संगठन को डिजिटल रूप से और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेंगे।




