खैरागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपलाकछार में आयोजित मंडई मेला एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। इस संबंध में 13 जनवरी 2026 को प्रार्थी देशबंधु पिता तुकाराम पटेल, निवासी ग्राम पिपलाकछार ने थाना खैरागढ़ में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट के अनुसार ग्राम पिपलाकछार के बाजार चौक में मंडई मेला चल रहा था, जिसमें गांव एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। शाम करीब 7 बजे मेले के दौरान कुछ युवकों के बीच विवाद हो रहा था। इसी विवाद को शांत कराने के लिए मोरध्वज पिता समयलाल पटेल, उम्र 26 वर्ष मौके पर पहुंचा। इसी दौरान हेमचंद उर्फ हर्षू पिता हिंसाराम निषाद द्वारा मोरध्वज पर प्राणघातक हमला कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल मोरध्वज को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ लाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया। इलाज के दौरान मोरध्वज की मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खैरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 14 जनवरी 2026 को आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद, निवासी अमलीडीह खुर्द तथा उसके एक विधि से संघर्षरत बालक साथी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में सामने आया कि जंपिंग झूला में कूदने को लेकर मृतक, आरोपी और अन्य युवकों के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे मोरध्वज से विधि से संघर्षरत बालक की कहासुनी हो गई, जिसके बाद उसने भीड़ का फायदा उठाते हुए अपने पास रखे चाकू से मोरध्वज के पेट पर हत्या की नीयत से वार कर दिया और भीड़ में शामिल हो गया।
पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू जप्त कर लिया है। आरोपी हेमचंद निषाद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




