खैरागढ़।जिले में अवैध जुआ–सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए केसीसी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गातापार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने ग्राम मंडेलाटोला में बांध किनारे दबिश देकर ताश (काट-पत्ती) के माध्यम से जुआ खेलते हुए पांच लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर जुए की गतिविधि चल रही है। सूचना के आधार पर पुलिस दल ने गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर रेड की कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि पांच आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से कुल ₹1,74,000 नकद, 52 पत्ती ताश, मोबाइल फोन एवं अन्य जुआ सामग्री जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹2.43 लाख बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में दिलीप खत्री और देवा राजपूत (खैरागढ़), कुंदन निर्मलकर (रायपुर), मकसुदन खरे (राजनांदगांव) तथा निलकंठ साहू (भिलाई-3) शामिल हैं। सभी के कब्जे से नगद राशि व मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




