खैरागढ़, छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा दाऊचौरा में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों के चयनित शिक्षकों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और अध्यक्षता सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह चंदेल और प्रदेश महासचिव मोती जैन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन से हुई। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, नृत्य और शिक्षकों को समर्पित कविताओं ने कार्यक्रम को रंगारंग बना दिया।
अपने संबोधन में विक्रांत सिंह ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाते हैं। वहीं, मोती जैन ने कहा कि निजी विद्यालयों के शिक्षक भी पूरी निष्ठा से समाज के नैतिक और चारित्रिक विकास में योगदान दे रहे हैं।
जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह चंदेल ने सभी शिक्षकों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निजी स्कूलों के शिक्षक भी सम्मान के पात्र हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं और स्कूल प्रबंधक उपस्थित रहे, जिससे यह आयोजन स्मरणीय बन गया।




