खैरागढ़ जिले के छुईखदान विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुटेली कला में संचालित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मध्यान्ह भोजन संचालक द्वारा बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
ग्रामीण अवध वर्मा एवं अन्य ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में बच्चों को अधिकांश दिनों में एक ही प्रकार की सब्जी परोसी जाती है। आरोप है कि विविधता और पोषण का ध्यान नहीं रखा जा रहा। अवध वर्मा ने बताया कि एक दिन उन्होंने मध्यान्ह भोजन का सुपरविजन किया, इस दौरान यह सामने आया कि बच्चों को खराब गोभी की सब्जी परोसी जा रही थी, जो गुणवत्ता के लिहाज से उचित नहीं थी।
इस बात को लेकर अवध वर्मा द्वारा मध्यान्ह भोजन संचालक से सवाल-जवाब किया गया, जिस पर दोनों के बीच बहस की स्थिति भी निर्मित हो गई। इसके बाद अवध वर्मा ने पूरे मामले की लिखित शिकायत छुईखदान विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी।
- मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी गिरेंद्र कुमार सुधाकर ने बताया कि मध्यान्ह भोजन संबंधी लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए संकुल समन्वयक को निर्देशित किया गया है। साथ ही संकुल समन्वयक एवं स्कूल के प्रधान पाठक से स्पष्टीकरण (प्रतिवेदन) मांगा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि पुनः किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो मध्यान्ह भोजन संचालक के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस मामले में जांच प्रक्रिया जारी है। अब देखना यह होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और शिक्षा विभाग बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है।




