खैरागढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला टोलागांव में शनिवार को ‘**संवाद**’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टंकेश्वर प्रसाद साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य धर्मेंद्र साहू के स्वागत भाषण से हुआ।
मुख्य अतिथि श्री टंकेश्वर साहू ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि “जीवन में सफलता पाने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है।” उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए बताया कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि चरित्र, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से मापी जाती है। उन्होंने कहा कि कठिनाइयाँ ही व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं, इसलिए कभी हार न मानें और हर चुनौती को अवसर में बदलने का प्रयास करें।
श्री साहू ने अपने प्रेरक संबोधन में मोबाइल के सदुपयोग पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने मोबाइल की तुलना कल्पवृक्ष से करते हुए कहा कि यदि उसका उपयोग सही दिशा में किया जाए तो यह ज्ञान, सूचना और अवसरों का स्रोत बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि मोबाइल को केवल मनोरंजन का साधन न बनाएं, बल्कि इसे *सीखने और सफलता प्राप्त करने का माध्यम* बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और उनके उत्तरों से आत्मविश्वास से भरे नजर आए।
कार्यक्रम में विशेष पहल के रूप में ‘विशेष गहन परीक्षण (SIR) 2025-26’ के संबंध में शिक्षकों और विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे अपने परिवार एवं ग्रामवासियों को मतदाता गणना पत्रक भरने और BLO को आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा करने में सहयोग कर सकें।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत टोलागांव के सरपंच श्री देवेंद्र दास साहू, सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष श्री नारायण दास साहू,ग्राम पंचायत रूसे के सरपंच श्री कौशल साहू, व्याख्याता विशाल ठाकुर,देवनारायण वर्मा,शिवकुमार वर्मा, अनुराधा वर्मा,उपमा त्रिपाठी,एन. संतोष,विनीता लकरा, स्मिता श्रीवास्तव,रवि अंबेला सहित बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने एसडीओ श्री टंकेश्वर साहू के प्रेरक मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार करते हैं, जो उन्हें उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर करेगा।




