खैरागढ़,खैरागढ़ क्षेत्र में नशाखोरी की समस्या लगातार गहराती जा रही है। पुलिस की समझाइश और जागरूकता अभियान के बावजूद कई लोग नशे की हालत में वाहन चलाने से बाज नहीं आ रहे। गुरुवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया।
जानकारी के अनुसार, दाऊचौरा नाका के पास एक एंबुलेंस चालक ने कथित तौर पर नशे में गाड़ी चलाई। वाहन पर नियंत्रण खोने से एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसी। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घर की दीवार टूट गई और अंदर खड़ी दो गाड़ियाँ भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
इसी दौरान 27 वर्षीय युवक रविकांत साहू, निवासी दीवानभेड़ी, अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। दुर्भाग्य से वे अनियंत्रित एंबुलेंस की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खैरागढ़ में नशे की वजह से सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासतौर पर युवाओं और ड्राइवरों के बीच शराब व अन्य नशे का सेवन चिंता का विषय बन गया है। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार देखने को नहीं मिल रहा।
यह घटना कई सवाल खड़े करती है – जब जीवन बचाने के लिए बनी एंबुलेंस ही मौत का कारण बन जाए तो आखिर जिम्मेदारी किसकी होगी? प्रशासन और पुलिस को नशाखोरी पर कठोर कदम उठाने होंगे, वरना ऐसी त्रासदियाँ रुकने का नाम नहीं लेंगी।
#खैरागढ़ सड़क हादसा #नशे में वाहन चलाना #एंबुलेंस दुर्घटना #रविकांत साहू मौत #खैरागढ़ की ताज़ा खबर




