खैरागढ़।राज्यपाल गोद ग्राम सोनपुरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के बच्चों का शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस शैक्षणिक यात्रा में विद्यार्थियों ने कई महत्वपूर्ण संस्थानों का दौरा किया और विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण की शुरुआत छुईखदान की बुनकर सोसायटी से हुई, जहां बच्चों ने हथकरघा व बुनाई की प्रक्रिया को नज़दीक से देखा और समझा। इसके बाद कृषि महाविद्यालय छुईखदान में छात्रों ने आधुनिक कृषि तकनीकों, बीजों और फसलों के बारे में उपयोगी जानकारियाँ प्राप्त कीं।
खैरागढ़ स्थित कलेक्टर कार्यालय (केसीजी) में जब बच्चों ने प्रशासनिक कार्यों की झलक देखी तो उनमें उत्साह और जिज्ञासा देखने लायक थी। Deputy Collector डिप्टी कलेक्टर सुमन राज ने बच्ची तनिशा वर्मा को अपनी कुर्सी पर बिठाकर बच्चों को प्रेरित किया और बताया कि इस कुर्सी तक पहुँचने के लिए उन्हें कितनी लगन और मेहनत से पढ़ाई करनी होगी। यह पल सभी बच्चों के लिए बेहद प्रेरणादायक रहा।
इसके पश्चात बच्चों ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में भारतीय कला, संगीत व नृत्य की विविधताओं को देखा और जाना। वहीं एस्ट्रो नामी लैब खैरागढ़ में विज्ञान और तकनीकी उपकरणों से परिचय कराते हुए उन्हें खगोलशास्त्र की बुनियादी जानकारी दी गई।
इस पूरे भ्रमण कार्यक्रम का संचालन बीईओ नीलम राजपूत के मार्गदर्शन तथा बीआरसी श्री सुजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में हुआ। शाला से कुल 35 छात्र-छात्राओं ने इस भ्रमण में भाग लिया। उनके साथ प्रधान पाठक श्री ईश्वरी चंदेल, शिक्षक श्री हेमकुमार वर्मा तथा संकुल समन्वयक श्री कमल वर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बच्चों ने इस शैक्षणिक यात्रा के माध्यम से बहुत कुछ नया सीखा और समझा। सभी बच्चों में इस अनुभव को लेकर उत्साह और आनंद देखने को मिला। इस प्रकार यह भ्रमण कार्यक्रम शैक्षणिक दृष्टिकोण से अत्यंत उपयोगी और सफल रहा।




