धमधा। खैरागढ़–धमधा मार्ग पर आज रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि TVS मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा परशकोल चौक के पास तब हुआ जब खैरागढ़ से धमधा की ओर जा रही एक बड़ी चारपहिया गाड़ी ने तेज रफ्तार में सामने से आ रहे TVS वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि TVS गाड़ी बड़ी गाड़ी के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। हैरानी की बात यह रही कि ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय स्पीड और बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि ड्राइवर की मंशा थी कि तेज रफ्तार में कहीं न कहीं फंसी हुई बाइक बाहर निकल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नतीजा यह हुआ कि फंसी हुई TVS बाइक लगभग डेढ़ किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और गोरपा पहुंचकर ही वाहन को रोका गया।
गाड़ी रुकते ही चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में TVS सवार युवक के शरीर के चीथड़े सड़क पर बिखर गए। घटना इतनी भयानक थी कि स्थानीय ग्रामीण भी घटनास्थल का दृश्य देखकर दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक कहाँ का था और किस दिशा में जा रहा था। आसपास के क्षेत्रों में सूचना भेजकर पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
फरार ड्राइवर की तलाश में पुलिस ने घेराबंदी भी शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की विभीषिका को उजागर कर
दिया है।




