खैरागढ़।रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा खैरागढ़ ग्रामीण वितरण केन्द्र के अंतर्गत ग्राम अमलीडीहकला में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं आम उपभोक्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती किरण विक्रम मानिकपुरी द्वारा दीप प्रज्वलन कर एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तेलचित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर वातावरण उत्साह और गौरव से परिपूर्ण रहा।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती मानिकपुरी ने कहा कि रजत जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि पावर कंपनी के 25 वर्षों की सेवा, संघर्ष और जनहित में दिए गए योगदान का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य ग्रहण (सोलर) मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इस जनहितकारी योजना से जुड़ने और इसका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सम्माननीय उपभोक्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विभागीय अधिकारियों द्वारा दी गई।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती किरण मानिकपुरी, सरपंच ग्राम अमलीडीहकला श्री रुपेंद्र वर्मा, श्री काशीराम श्रीवास, श्री तेजराम वर्मा, श्री घनश्याम वर्मा, श्री दिनेश वर्मा एवं श्री प्रहलाद वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विद्युत विभाग की ओर से खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री सचिन उत्तरवार, सहायक अभियंता श्री उत्तम कुमार साहू एवं कनिष्ठ अभियंता श्री सतीश ठाकुर की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर खैरागढ़ ग्रामीण वितरण केन्द्र के सभी अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवा के साथ-साथ शासन की योजनाओं से अवगत कराना एवं जनभागीदारी को मजबूत करना रहा।




