खैरागढ़,खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में 28 जनवरी को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह के आमंत्रण कार्ड में क्षेत्र की विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा का नाम अतिथि के रूप में शामिल नहीं किए जाने को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी नाराजगी देखने को मिल रही है। इस मुद्दे को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी एवं जिलेवासियों ने इसे क्षेत्र की जनता का अपमान बताया है।
वीडियो देखे
https://youtu.be/Qfkzq3QxlsU?si=gwtQsxZhDfJgAyed
शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया कि दीक्षांत समारोह जैसे गरिमामय और सार्वजनिक कार्यक्रम में क्षेत्र की निर्वाचित विधायक का नाम आमंत्रण कार्ड से हटाना न केवल असंवैधानिक है, बल्कि विधानसभा क्षेत्र की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आमंत्रण कार्ड शहर सहित पूरे जिले में वितरित किया जा चुका है, लेकिन उसमें क्षेत्र की विधायक का नाम न होना जानबूझकर की गई उपेक्षा को दर्शाता है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खैरागढ़ विधायक को लगातार उपेक्षा का शिकार बनाया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शहर कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि दीक्षांत समारोह में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा का नाम अतिथि के रूप में तत्काल शामिल नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी एवं जिलेवासी 28 जनवरी को होने वाले दीक्षांत समारोह का विरोध प्रदर्शन करेंगे और कार्यक्रम का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।
इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, मनराखन देवांगन, दीपक देवांगन, रविंद्र सिंह गहरवार, पूरन सारथी, सूर्यकांत यादव, भरत चंद्राकर, यतेंद्रजीत सिंह, अंकित चोपड़ा, सूरज देवांगन, श्रद्धा अग्रवाल, मेघा चोपड़ा, महेश यादव, रामगोपाल वर्मा, नेतराम वर्मा, अल्ताफ अली, राधे पटेल, जागेश्वर साहू, ललित साहू, चंद्रेश वर्मा, रिंकू महोबिया, तेजराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या रुख अपनाता है और क्या विश्वविद्यालय प्रबंधन आम जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए निर्णय लेता है।




