खैरागढ़।जिला साहू संघ खैरागढ़–छुईखदान–गंडई के तत्वावधान में प्रस्तावित जिला स्तरीय माता राजिम महोत्सव, संत माता कर्मा एवं माता राजिम मंदिर निर्माण भूमि पूजन तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह को लेकर खैरागढ़ में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।
लंबे प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री द्वारा 14 फरवरी 2026 को कार्यक्रम में शामिल होने की आधिकारिक सहमति मिलने से साहू समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है। समाज के लोगों ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
जानकारी देते हुए जिला साहू संघ के अध्यक्ष टिलेश्वर साहू ने बताया कि 14 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय राज्यमंत्री से मुलाकात कर 21 व 23 जनवरी को प्रस्तावित कार्यक्रमों के लिए समय देने का अनुरोध किया गया था, लेकिन व्यस्त कार्यक्रम के चलते उन तिथियों में समय नहीं मिल सका। इसके बाद लगातार संपर्क और प्रयास जारी रखे गए, जिसके परिणामस्वरूप 14 फरवरी 2026** को कार्यक्रम में शामिल होने की स्वीकृति प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि इस दौरान रायपुर ग्रामीण विधायक द्वारा निरंतर टेलीफोनिक संपर्क और समन्वय किया जाता रहा। बुधवार को पुनः मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कार्यक्रम की पुष्टि हुई।मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद अब साहू समाज की सभी इकाइयां कार्यक्रम को भव्य, ऐतिहासिक और यादगार बनाने की तैयारियों में जुट गई हैं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष टिलेश्वर साहू, जिला साहू संघ के संरक्षक बिसेसर साहू, भाजपा नेता शशांक साहू,केशव साहू,टोमन साहू सहित समाज के अनेक प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।




