**खैरागढ़।** अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से छुईखदान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भेलवाघाट–विक्रमपुर मार्ग स्थित ग्राम बुढानभाठ में दो अलग-अलग रेड कार्रवाई को अंजाम दिया।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी **हिरेन्द्र यादव** (22 वर्ष) एवं **खिलेश यादव** (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम विक्रमपुर, थाना छुईखदान, को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से **50 बल्क लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब** (कीमत लगभग ₹10,000) एवं एक **मोटरसाइकिल** (कीमत लगभग ₹35,000) जप्त की गई। इस संबंध में थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 13/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरी रेड कार्रवाई में उसी मार्ग पर **महेश धुर्वे** (23 वर्ष), निवासी विक्रमपुर एवं **उदय धुर्वे** (19 वर्ष), निवासी ग्राम कुर्रूभाठ को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से **60 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब** (कीमत ₹12,000) एवं एक **मोटरसाइकिल** (कीमत ₹40,000) जप्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 14/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, विगत 15 दिनों में थाना छुईखदान क्षेत्र अंतर्गत आबकारी एक्ट के **7 प्रकरणों में 9 आरोपियों** पर कार्रवाई करते हुए **123.580 बल्क लीटर शराब** एवं **2 मोटरसाइकिलें** जप्त की गई हैं। इसके अलावा जुआ एक्ट के 3 प्रकरणों में 14 आरोपियों, सट्टा एक्ट के 2 प्रकरणों में 2 आरोपियों तथा प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 14 आरोपियों पर कार्रवाई की गई है।
जिला केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि **अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा**।




