खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रावल के मार्गदर्शन में राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी में समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पेंशन पात्र हितग्राहियों, दिव्यांगजनों तथा मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु मरीजों का चिन्हांकन किया गया।
शिविर में कुल 200 वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं मोतियाबिंद पीड़ितों ने पंजीयन कराया। इनमें से 7 दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाए जाने हेतु पात्र पाया गया, 15 मोतियाबिंद मरीजों का ऑपरेशन हेतु चिन्हांकन किया गया तथा 25 हितग्राहियों द्वारा पेंशन प्रदाय हेतु आवेदन प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रेम कुमार पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री कमलेश पटेल, ग्राम पंचायत सोनपुरी की सरपंच श्रीमती सीमा वर्मा, सचिव श्रीमती पुनीता साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण की गरिमामय उपस्थिति रही।
शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग की संचालक द्वारा विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं जिला पंचायत सीईओ श्री पटेल ने समाज कल्याण विभाग एवं अन्य विभागों के आपसी समन्वय से गोद ग्राम में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। सहायक संचालक समाज कल्याण द्वारा दिव्यांगजनों एवं पेंशनधारी हितग्राहियों से संबंधित विवरण प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पात्र हितग्राहियों को वॉकिंग स्टिक एवं श्रवण यंत्र का वितरण किया गया। साथ ही नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ग्रामवासियों को नशामुक्ति का संकल्प एवं शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन सीएमएचओ डॉ. आशीष शर्मा द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने समाज कल्याण संचालनालय रायपुर से पधारे विशेष अतिथियों सहित सभी सहयोगी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामवासियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।




