खैरागढ़ | खैरागढ़ जिले के ग्राम बाजार अतरिया में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान नथेला की असीम कृपा से भव्य मंडई मेला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 13 जनवरी 2026, मंगलवार को अवंती चौक, बाजार अतरिया (जिला–केसीजी, छत्तीसगढ़) में संपन्न होगा। मंडई महोत्सव को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है।
ग्राम पंचायत बाजार अतरिया की सरपंच बिमला हरप्रसाद वर्मा ने बताया कि मंडई महोत्सव में छत्तीसगढ़ी लोक कला और संस्कृति की अनुपम झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रसिद्ध लोक कला नाचा ‘श्री सिद्ध बाबा’ की प्रस्तुति होगी, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। यह प्रस्तुति ग्राम खैरबना (घिरघोली), जिला–केसीजी की नाचा मंडली द्वारा रात्रि 10 बजे से प्रस्तुत की जाएगी।
मंडई मेला महोत्सव के अवसर पर दूर-दराज से व्यापारी अपने-अपने व्यापार के साथ बाजार अतरिया पहुंचते हैं, जिससे क्षेत्र में रौनक बढ़ जाती है। साथ ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मेले में शामिल होने आते हैं, जिनके लिए घर-घर अतिथि सत्कार की परंपरा भी निभाई जाती है। इस वर्ष सकट पर्व के संयोग के चलते भी मेले में अच्छी खासी भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।
समस्त ग्रामवासी बाजार अतरिया ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मंडई मेला महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।




